Tuesday, September 24, 2024

भागलपुर व आसपास लगातार हो रही बारिश, जानें कब मिलेगी राहत

पटना। प्रदेश में मौसम एकबार करवट ले चुका है। ठंड के तेवर पिछले कुछ दिनों से कम हुए और दोपहर में लोगों को हल्की गर्मी का भी एहसास होने लगा था। लेकिन लगातार कुछ दिनों से अब आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और राजधानी पटना समेत कई इलाकों में देर रात से हल्की-हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम अचानक बदला तो तापमान में भी गिरावट पाई गयी। भागलपुर व आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश ने दस्तक दी है। वहीं मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि कब तक मौसम का मिजाज इसतरह का रहेगा।

भागलपुर का मौसम

मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया था। तीन दिनों तक उत्तर और पूर्वी बिहार के शहरों में आंधी और ठनके की आशंका जतायी गयी थी। भागलपुर व आसपास के इलाकें में भी बुधवार देर रात से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। भागलपुर जिले के मौसम में बुधवार को फिर से बदलाव आया। तड़के सुबह से लेकर दोपहर तक आसमान में बादल छाये रहे। कभी धूप तो कभी छांव जैसी स्थिति रही। हालांकि, दोपहर 2 बजे के बाद धूप काफी तेज हो गयी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रहा। शुष्क पछिया हवा चलती रही। वहीं देर रात बारिश ने भी दस्तक दे दी. रूक-रूक कर हल्की बारिश होती रही। वीरवार सुबह तक मौसम ऐसा ही बना रहा।

मौसम विभाग ने दी ये जानकारी

BAU के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के अनुसार 22 से 26 फरवरी के बीच जिले में तापमान में वृद्धि बनी रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाये रह सकते हैं। 22 फरवरी को भागलपुर और आसपास के शहरों में हल्की बारिश या बूंदा-बांदी की संभावना है। पश्चिमी हवा चलती रहेगी। हवा की औसत गति 3-6 किलोमीटर प्रतिघंटे रह सकती है।

मौसम ने ली करवट

मधेपुरा जिले में भी मौसम ने करवट ली है। 2 दिन पूर्व तक अच्छी खासी तपिश वाली धूप निकल रही थी। लोगों के शरीर पर से जैकेट व स्वेटर उतरने लगे थे, लेकिन बुधवार की सुबह मौसम ने एक बार फिर यूटर्न ले लिया तो, लोगों की चिंता बढ़ गयी. हल्की बारिश के साथ चल रही तेज हवा ने कनकनी बढ़ा दी और लोगों को एक बार फिर स्वेटर और जैकेट लगाना पड़ा। बुधवार को न्यूनतम तापमान में बढ़त हुई और बूंदाबूंदी बारिश हुई थी। अधिकतम तापमान फिर दो प्वाइंट तक नीचे आ गया, जिससे ठंड के तेवर तल्ख हो गये। मौसम विभाग की माने तो यह पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर है। इसका असर आने वाले दिनों तक बने रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक

वहीं मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि फरवरी 24 गर्मी के रिकॉर्ड को तोड़ने की राह पर है। ग्लोबल वार्मिंग और अब नीनो जलवायु पैटर्न के चलते इस तरह की स्थिति पैदा हो रही है. तापमान में बढ़ोतरी पहले से अधिक गयी है। फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में ही खगड़िया का अधिकतम पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इधर गर्मी बढ़ने के साथ ही मौसम में बदलाव भी दिख रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम अपना रंग रूप को बदलने लगा है. इधर बुधवार को आसमान में बादल छाये रहे.

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news