Thursday, September 19, 2024

पीएम मोदी से मुलाकात पर क्या बोले भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने तस्वीर पोस्ट कर लिखी है कि भारत रत्न से सम्मानित जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के परिजनों से मिलकर बहुत खुशी हुई। कर्पूरी जी समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों के मसीहा रहे हैं, जिनका जीवन और आदर्श देशवासियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। वहीं पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है।

जानें क्या बोले रामनाथ ठाकुर

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित दिवंगत कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने कहा कि जब PM मोदी ने फोन किया तो मैंने सरकार और खासकर उनका धन्यवाद किया और बताया कि 36 साल के संघर्ष के बाद यह संभव हो सका है। उन्होंने मुझसे अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के साथ गणतंत्र दिवस के बाद दिल्ली आने के लिए कहा। हम उनसे मिले, उनके साथ नाश्ता किया। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के बारे में बात की और हमने उन्हें 3 किताबें उपहार में दीं। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि वे ( पीएम मोदी) कर्पूरी ठाकुर से व्यक्तिगत रूप से कभी नहीं मिलें लेकिन उन्होंने अपने साथियों से उनके बारे में बहुत कुछ सुना है।

कौन थे कर्पूरी ठाकुर

मालूम हो कि कर्पूरी ठाकुर स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, राजनीतिज्ञ तथा दो बार बिहार के मुख्यमंत्री और एक बार उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। कर्पूरी ठाकुर का जन्म समस्तीपुर के पितौंझिया में हुआ था। यह गांव अब कर्पूरीग्राम के नाम से जाना जाता है। उनकी 100वीं जयंती पर भारत के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित विपक्ष के तमाम नेताओं ने मोदी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news