Tuesday, September 24, 2024

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने RJD से चुनाव लड़ने की खबर को कहा फर्जी, बीजेपी को बताया अपनी पार्टी

पटना। भोजपुरी स्टार एवं सिंगर पवन सिंह ने साफ़ कर दिया है कि वो राजद के टिकट पर लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। दरअसल ऐसी ख़बरें आ रही थी कि उन्हें राजद आरा से चुनावी मैदान में उतार सकती है। अब इस मामले में पवन सिंह ने सफाई दी है। भोजपुरी गायक ने कहा कि राजद से चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं पैदा होता है। मेरे बारे में भ्रामक ख़बरें फैलाई जा रही है।

भाजपा से ही लड़ेंगे चुनाव

पवन सिंह ने आगे कहा कि वो बीजेपी के कार्यकर्ता हैं और अभी भी भाजपा के साथ ही हैं। पिछले 10 सालों से उन्होंने भाजपा के बारे में सोचा है। बीजेपी की तरफ से इस साल वो हर हाल में लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा हाई कमान से लगातार बातचीत हो रही है। जो भी होगा चुनाव को लेकर जल्द फैसला लिया जायेगा। बता दें कि भोजपुरी स्टार और गायक पवन सिंह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। पवन सिंह ने लिखा कि मैं अपने समाज जनता जनार्दन और माँ से किया हुआ वादा पूरा करने के लिए चुनाव लडूंगा। आप सभी का आशीर्वाद एवं सहयोग अपेक्षित है।

आसनसोल से चुनाव लड़ने से किया था इंकार

भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में पवन सिंह को आसनसोल से लोकसभा चुनाव में उतारा था। लेकिन उन्होंने भाजपा के टिकट पर आसनसोल से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। उन्होंने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा था कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया लेकिन किसी कारण वश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news