Tuesday, September 24, 2024

उपेंद्र कुशवाहा तेजस्वी पर जमकर बरसे बोले, नीतीश कुमार को कोस रहे तेजस्वी…

पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर बीते शुक्रवार (23 फरवरी) को निशाना साधा। कहा कि तेजस्वी यादव को जनता ने इसलिए चुना था कि वह जनता की आवाज को सदन में उठाएं, लेकिन वो यात्रा पर निकले हुए हैं। सब जगह जाकर सीएम नीतीश कुमार को कोस रहे है जबकि दूसरा कोई होता तो नीतीश कुमार का पैर धोकर पीता।

उपेंद्र कुशवाहा बोले

उपेंद्र कुशवाहा जहानाबाद के गांधी मैदान में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के (जहानाबाद संसदीय क्षेत्र) कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभा में आए कार्यकर्ताओं और लोगों से कहा कि आने वाले लोकसभा के चुनाव में बिहार की 40 की 40 सीट NDA के खाते में जाएगी। जिस तरह से अति पिछड़ा समाज से आने वाले पीएम नरेंद्र मोदी ने हर तबके के लोगों के लिए कार्य किया है उन सभी तबके के लोग काफी खुश हैं।

नीतीश के कोरामिन से जिंदा हुई RJD

आगे उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के ही कोरामिन पर RJD के लोग आज जिंदा हो गए हैं, नहीं तो आरजेडी का आज कहीं आता-पता नहीं रहता। 2015 में नीतीश कुमार ने RJD को कोरामिन दिया था। आज नीतीश कुमार के कोरामिन के कारण ही RJD के लोग उड़ रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया. कहा कि जो आज सामाजिक न्याय के ढिंढोरा पीट रहे हैं उन्हीं से पूछिए कि कितने वर्षों तक केंद्र की सत्ता का आनंद उठाया था. उस समय उनको सामाजिक न्याय नजर नहीं आ रहा था? अब यात्रा पर निकलकर सामाजिक न्याय का ढिंढोरा पीट रहे हैं. देश की जनता सब कुछ जानती है और आने वाले दिनों में उनको सबक सिखाने का भी काम करेगी।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news