Thursday, September 19, 2024

Bihar : प्रदेश में तीन दिनों तक कोहरे का अलर्ट, 20 अक्टूबर से बढ़ सकती है ठंड

पटना। प्रदेश में मॉनसून की विदाई हो चुकी है और गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दिया है। बताया जा रहा है कि बिहार में 20 अक्टूबर से पारा गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।

प्रदेश में बढ़ी ठंड

बिहार में आगे आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव बढ़ सकता है। वैसे तो बिहार में मॉनसून की विदाई हो चुकी है। वहीं अब प्रदेश में ठंडक बढ़ती दिखाई दे रही है। जिसका असर सुबह और शाम के समय दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार बिहार में तीन दिनों तक कोहरा छाया रहेगा, इसके लिए विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान सुबह और रात के समय वाहनचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

तापमान कम होने के आसार

बुधवार को सीमांचल और पूर्वी बिहार में कई जगहों पर हल्की बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि प्रदेश में आंधी- तूफान और तेज बारिश की कोई आशंका नहीं है। इसके साथ ही 20 अक्टूबर से राज्य में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश की वजह से कई जिलों में हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। बता दें कि कोहरे के कारण तीन दिनों तक सुबह के समय विजिबिलिटी कम रह सकती है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि बिहार के उत्तरी भाग के जिलों में कोहरे का असर ज्यादा ही रहेगा। इसके अलावा शुक्रवार से ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी देखी जा सकती है। जिसकी वजह से रात में और ठंड बढ़ जाएगी।

इन जिलों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार सीमांचल और पूर्वी बिहार में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, मुंगेर, बांका, खगड़िया, सहरसा, भागलपुर और जमुई के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा। दो दिन पहले वैशाली , पटना, जहानाबाद और मुज्जफरपुर समेत अन्य कई जिलो में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश भी हुई थी। जिसके कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए थे, इससे कई जगह सड़कों पर आवागमन बाधित रहा था। यहीं नहीं बिजली सेवा भी काफी देर के लिए ठप हो गई थी।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news