Thursday, September 19, 2024

Bihar 6th Phase LS Polls: बिहार में छठवें चरण की 8 सीटों पर मतदान आज, कुल 1,49,32,165 मतदाता

पटना। आज शनिवार (25 मई) को लोकसभा चुनाव 2024 के छठवें चरण का चुनाव सुबह 7 बजे से शुरू होगा। जिसमें बिहार की आठ सीटों वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, वैशाली, शिवहर और महाराजगंज में मतदान होगा। यहां सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। ऐसे में बिहार की इन सीटों पर कई दिग्गज नेता चुनावी मैदान में उतरे हैं।

इन सीटों पर सबकी नजर

बता दें कि शिवहर लोकसभा सीट से बाहुबली नेता आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद चुनाव मैदान में हैं। वहीं सीवान से मो. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब अपनी किस्मत आजमा रही हैं। इसके अलावा वैशाली सीट से अंडरवर्ल्ड से पहचान रखने वाले बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला ताल ठोक रहे हैं। जबकि वाल्मीकि नगर से बीजेपी के वरिष्ठ और चर्चित नेता संजय जायसवाल चुनाव मैदान में है।

छठे चरण में 86 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

छठवें चरण की 8 लोकसभा सीटों पर कुल 86 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बता दें कि इन 86 प्रत्याशियों में से आठ महिला प्रत्याशी हैं। वहीं इनमें 35 प्रत्याशी निर्दलीय हैं जबकि 23 प्रत्याशी बड़ी पार्टियों से ताल्लुक रखते हैं।

किस पार्टी के कितने प्रत्याशी मैदान में?

गौरतलब है कि सबसे अधिक 15 प्रत्याशी वैशाली से चुनावी मैदान में हैं। जबकि सबसे कम महाराजगंज लोकसभा सीट पर सिर्फ पांच प्रत्याशी हैं। सात सीटों पर मायावती की बहुजन समाज पार्टी चुनावी मैदान में है। वहीं एनडीए में बीजेपी से तीन प्रत्याशी, जेडीयू से चार प्रत्याशी और लोक जनशक्ति पार्टी से एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा इंडिया गठबंधन में चार सीटों पर आरजेडी, दो सीट पर कांग्रेस और दो सीटों पर मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी चुनाव मैदान में है। इसमें 28 ऐसे प्रत्याशी हैं जिनका छोटे दल और संगठन से नाता है। छठे चरण की आठ लोकसभा सीटों में सात जेनरल जबकि एक गोपालगंज सुरक्षित सीट है।

छठवें चरण में कितने मतदाता?

जानकारी दे दें कि आठ लोकसभा क्षेत्र में कुल 1,49,32,165 मतदाता हैं। इनमें 78,23,793 पुरुष और 71,07,944 महिला मतदाता शामिल हैं। जबकि थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 428 हैं। इसमें पहली बार वोटिंग करने वाले 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 2,12,496 है। वहीं 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 31,49,316 है। इसके अलावा 100 साल से ऊपर के 3014 मतदाता हैं। वहीं 85 वर्ष से ऊपर के 1,04,873 मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1,42,568 है।

कितने मतदान केंद्र?

बिहार में आठ सीटों पर चुनाव के लिए कुल 14872 मतदान केंद्र बने हैं। इसमें से ग्रामीण क्षेत्रों में 13591 और शहरी क्षेत्र में 1281 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं चुनाव आयोग की ओर से इनमें से 7660 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन सभी मतदान केंद्रों के लिए 17846 ईवीएम और 19334 वीवीपैट का इस्तेमाल होगा।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news