Monday, September 16, 2024

Lok Sabha Election: सारण से चुनाव प्रचार शुरू कर रहे लालू यादव, तेजस्वी ने बताया पूरा प्लान

पटना। देश भर में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में आज बुधवार को राजद सुप्रीमो लालू यादव ने लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी सारण के लिए रवाना हुई। आज दोनों सारण में रोहिणी आचार्य के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। ऐसे में लालू यादव सारण से संसदीय चुनाव का प्रचार क्यों करने जा रहे हैं इसे लेकर तेजस्वी यादव ने बड़ा खुलासा किया है।

तेजस्वी यादव ने बताई पूरी बात

दरअसल, आज तेजस्वी यादव ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सारण लालू यादव की कर्मभूमि रही है। सारण के लोगों की मांग थी कि लालू यादव उनके बीच आएं। तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव सारण के नेता रहे हैं। इसलिए वो वहां क्यों नहीं जाएंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव महागठबंधन के एक नेता हैं। जरूरत पड़ी तो वे उस अनुसार अन्य लोकसभा (Lok Sabha Election) सीटों पर भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि लालू यादव ने पहले चरण के चुनाव में जमुई, नवादा, गया और औरंगाबाद में चुनाव प्रचार नहीं किया। जबकि वहीं चारों सीटों पर राजद प्रत्याशियों के लिए तेजस्वी यादव कई बार दौरा करते दिखाई दिए हैं। लेकिन लालू यादव इससे पहले चुनाव का प्रचार करने के लिए कहीं नहीं पहुंचे। ये पहला मौका है जब वो चुनाव प्रचार के लिए सारण रवाना हुए हैं।

सारण में कड़ी टक्कर

बता दें कि सारण में रोहिणी आचार्य का मुकाबला भाजपा के राजीव प्रताप रुड़ी से होगा। राजीव प्रताप रुड़ी यहां से लगातार दो बार चुनाव जीत चुके हैं। इस बार राजीव प्रताप रुड़ी को लालू यादव की बेटी से कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में राजद के लिए भी इस बार सारण प्रतिष्ठा की सीट बन गई है। यही नहीं यहां से लालू यादव खुद बेटी की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे हैं।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news