रांची। बिहार और झारखंड में इस वक्त राजनीतिक हलचल तेज हैं। देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री रहे है हेमंत सोरेन (अब पूर्व) हैं जिन्हें पद पर रहते हुए इस्तीफा दिलाने के बाद ED ने गिरफ्तार किया है। सीबीआई भ्रष्टाचार में घिरे कुछ पूर्व मुख्यमंत्रियों पर पहले कार्रवाई कर चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चित मामला बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद का रहा है जिन्हें चारा घोटाला मामले में गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई को 1997 में सेना की मदद लेनी पड़ी थी।
कैसे हुई थी लालू यादव की गिरफ्तारी
इसमें सबसे ज्यादा चर्चित मामला बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद का रहा है, जिन्हें चारा घोटाला मामले में गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई को 1997 में सेना की मदद लेनी पड़ी थी। सीएम पद पर रहते हुए उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सकता था और वह पद छोड़ने को तैयार नहीं थे। ऐसे में काफी हंगामा मचा था। अतत: उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को सीएम बनाकर इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था।
जयललिता भी गिरफ्तार हो चुकी हैं
वहीं, तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन जब तक मामले की जांच चली वह सीएम पद पर बनी हुई थीं। जयललिता के पद से इस्तीफा दिये जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
साल 2011 में कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अवैध खनन मामले को लेकर लोकायुक्त की रिपोर्ट सामने आने के बाद इस्तीफा दिया था। इसके बाद राज्य की कमान डीवी सदानंद गौड़ा को सौंपी गई थी। इसके कुछ दिनों बाद येदियुरप्पा की गिरफ्तारी हुई थी।
झारखंड में पहली बार हुए ऐसा
झारखंड में पहले भी सरकारें गिरती और बनती रहीं हैं। विधायकों को गायब होने तथा उन्हें बाहर ले जाने की घटनाएं भी हुई हैं। लेकिन एक ही दिन सरकार गिरने तथा नई सरकार का दावा पेश करने से लेकर सीएम से पूछताछ एवं गिरफ्तारी की घटना पहली बार एक ही दिन हुई है। बुधवार को इन घटनाओं पर पूरे देश की निगाहें टिकी रहीं।
पद में रहते हुए नहीं किया जा सकता गिरफ्तार
संविधान के अनुच्छेद 361 के तहत सीएम को सिविल मामलों में गिरफ्तारी और हिरासत से छूट मिली हुई है। हालांकि, क्रिमिनल मामलों में वह गिरफ्तार हो सकते हैं। बिल्कुल ऐसी ही स्थिति प्रधानमंत्री, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, केंद्रीय मंत्री, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए भी है। हालांकि, राष्ट्रपति और राज्यपाल को पद पर रहते हुए गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है।
हेमंत सोरेन गिरफ्तार
बता दें कि रांची जमीन घोटाला मामले में सीएम हेमंत सोरेन से ईडी पूछताछ कर रही थी. इसी क्रम में उन्हें बुधवार को ईडी ने हिरासत में लिया है। वे ईडी अधिकारियों की हिरासत में ही इस्तीफा देने के लिए राजभवन गए थे। इसके बाद चंपई सोरेन को झारखंड का नया सीएम बनाने की घोषणा की गयी है।