पटना। महागठबंधन छोड़कर वापस NDA में शामिल होने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने पहली बार इंडिया गठबंधन पर हमला किया है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को भी अपने निशाने पर लिया है। बता दें कि बुधवार को नीतीश कुमार एक्शन मोड में नजर आये। वो पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था पर बैठक की। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारी को कई निर्देश दिया।
इंडिया गठबंधन का हाल देखिए
पटेल भवन से बाहर निकलने के बाद नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन पर तंज कसा। साथ ही ये भी कहा कि वो इस नाम से खुश नहीं थे। दरअसल नीतीश कुमार से पत्रकारों ने सवाल किया कि आप ने ही इंडिया अलायंस बनाया था। इस पर नीतीश बोले कि हम तो नाम भी दूसरा बोले थे। हमने कहा था कि ये नाम ठीक नहीं है तब भी कर दिया। अब हालत देख लीजिए। हम तो कितना कोशिश किये। गठबंधन में कोई काम नहीं हो रहा है। आज तक सीट शेयरिंग पर कुछ नहीं हुआ है।
अब नही छोड़ेंगे NDA
नीतीश ने आगे कहा कि आज तक ये नहीं तय किया कि कौन पार्टी कितने सीटों पर लड़ेगी, हम तो फिर छोड़ दिए। हम तो छोड़कर अपना वहीं आ गए जहां के थे। जिनके साथ हम पहले से थे वहां आ गए हैं अब सब दिन हम इधर ही रहेंगे। हम सिर्फ बिहार के विकास के काम में लगे रहते हैं। बता दें कि सीएम नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 9 वीं बार प्रदेश के सीएम के तौर पर शपथ ली है। उनके साथ बीजेपी के सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।