पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व पिछड़ों के मसीहा कहे जाने वाले कर्पूरी ठाकुर की आज 100वीं जयंती (Bharat Ratna Karpuri Thakur)हैं। इससे पहले 23 जनवरी को सरकार ने उन्हें भारत रत्न देने का ऐलान किया। सीएम नीतीश कुमार ने समस्तीपुर में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पटना में जदयू की बड़ी रैली
मौके पर सीएम नीतीश ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने समाज के हर तबके के लिए काम किया। उन्होंने शराबबंदी की। शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। इनका योगदान बहुत बड़ा है। देशभर में उनका नाम है। पहले से ही हम लगातार उनके लिए भारत रत्न की मांग कर रहे थे। बता दें कि आज भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के 100 वीं जयंती पर जदयू आज पटना में बड़ी रैली कर रही है। सीएम नीतीश कुमार पिछड़ा लोगों को संबोधित करेंगे।
राजद ने भी रखा कर्पूरी जयंती का कार्यक्रम
जदयू का दावा है कि रैली में 2 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। राजद ने भी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कर्पूरी जयंती का कार्यक्रम रखा है। कार्यक्रम का उद्घाटन राजद अध्यक्ष और पूर्व सीएम लालू यादव ने किया है। इसमें डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और राजद के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे।