Friday, September 27, 2024

Bihar Weather: ठंड से ठिठुर रहा बिहार, बांका में 6 डिग्री पर आया तापमान, 15 शहरों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी

पटना। 5 जनवरी से राज्य के दक्षिणी भाग में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आईएमडी का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बीते 29 दिसंबर से लगातार बिहार में ठंड बढ़ रही है। 1 जनवरी को धूप निकली लेकिन ठंड में कमी नहीं आई। आने वाले पांच दिनों तक ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना है। पटना मौसम विभाग की ओर से बुधवार (03 जनवरी) को उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में शीतलहर के साथ भीषण कुहासे की संभावना जताई गई है प्रदेश के 15 जिलों को अलर्ट किया गया है। इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मधुबनी, दरभंगा, शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और सुपौल शामिल है।

24 शहरों का तापमान 10 डिग्री से रहा नीचे

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकतम तापमान में कमी होने के साथ-साथ सभी शहरों में ठंड में हल्की वृद्धि होने की संभावना है। बीते मंगलवार को सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में भी 2.2 डिग्री वृद्धि के साथ मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार 29 शहरों के दर्ज रिकॉर्ड में 24 जगहों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान में भी काफी गिरावट देखने को मिली. सबसे कम न्यूनतम तापमान बांका में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना की बात करें तो न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

इन जिलों में हो सकती है वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से औसत 1.5 किलोमीटर ऊपर उत्तर पूर्व बिहार में बना है, जिसके कारण गुरुवार तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि उत्तरी बिहार के शहरों में घना कुहासा के साथ शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। 5 जनवरी से राज्य के दक्षिणी भाग में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसमें राजधानी पटना सहित गया, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, जहानाबाद, भभुआ, अरवल, नालंदा शामिल है।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news