Friday, September 20, 2024

बिहार: कल से हर वार्ड और गांव में दस्तक देगी बिहार पुलिस, 26 फरवरी तक निकाली जाएगी बाइक रैली

पटना।आगामी 20 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाली बिहार पुलिस दिवस- 2023 की तैयारियों को लेकर DGP राजविंदर सिंह भट्टी ने जनता और तमाम पुलिसकर्मियों के नाम वीडियो संदेश जारी किया हैं। बता दें कि 27 फरवरी को बिहार पुलिस दिवस है। इसके मद्देनजर सोमवार से ही पुलिस सप्ताह की शुरुआत हो रही है। इसके लिए बिहार पुलिस की तरफ से कई तरह की तैयारियां की गई है। रविवार को बिहार पुलिस की तरफ से DGP राजविंदर सिंह भट्टी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रत्येक साल 27 फरवरी को हम बिहार पुलिस दिवस मनाते हैं लेकिन, 2023 का बिहार पुलिस दिवस आमजन को समर्पित किया गया है।

‘जन सहभागिता बाइक रैली’ 20 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेगी

DGP भट्टी ने कहा कि हमने बिहार पुलिस सप्ताह को ‘जन-जन की ओर बढ़ते कदम’ का नाम दिया है। इस अभियान के तहत जन सहभागिता बढ़ाने के लिए पुलिस की तरफ से बाइक रैली निकाली जाएगी। पुलिस कर्मी सीधे तौर पर पब्लिक से जुड़ेंगे। जनता से जुड़ी समस्याओं और सुझावों के बारे में पुलिस जानकारी प्राप्त करेगी। मालूम हो कि ‘जन सहभागिता बाइक रैली’ 20 फरवरी से शुरू होगी और 26 फरवरी तक चलेगी। इसके अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के हर वार्ड के साथ-साथ राज्य के 46 हजार गांव में भी पुलिसकर्मी पहुंचेंगे। इस दरम्यान पुलिस कर्मी जनता से बात करेंगे।

27 फरवरी को ब्लड डोनेट करेंगे राज्य के पुलिसकर्मी

डीजीपी भट्टी ने आगे कहा कि पुलिस आमजनों की समस्याओं के निवारण के लिए पुलिस के सिस्टम के बारे में लोगों को जानकारी देंगे। साथ ही 27 फरवरी को राज्य के पुलिसकर्मी ब्लड डोनेट करेंगे। इसे बिहार के सरकारी ब्लड बैंक में जमा किया जाएगा। जिसका उपयोग आम लोगों की मदद के लिए किया जाएगा। वीडियो संदेश के दौरान DGP ने प्रदेश की जनता से भी बिहार पुलिस के इस अभियान में जुड़ने और सहयोग करने की अपील की।

आम जन का विश्वास जीतना महत्वपूर्ण

अपने वीडियो संदेश में DGP भट्टी ने बिहार पुलिस के अधिकारियों और जवानों को पुलिस दिवस की बधाई दी ही। साथ ही कहा कि लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए आप लोग मेहनत और लगन से काम कर रहे हैं। लेकिन आप लोगों को यह भी समझना होगा कि हमें एक तरफ अपराधियों को दौड़ाना भी जरूरी है, तो दूसरी तरफ आम जन से जुड़ कर उनका विश्वास जीतना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news